नई दिल्ली। ब्रिटेन की लग्जरी मोटर कार ‘लैंड रोवर’ और ‘जैगुआर’ का हाल में अधिग्रहण करने के बाद इस समय दुनिया भर में चर्चाओं में चल रही टाटा मोटर्स, अफ्रीकी बाजार में अपने कारोबार के विस्तार की योजना बनाने के साथ अपनी छोटी कार ‘नैनो’ को अफ्रीकी देशों में उतारने की तैयारी में है।टाटा मोटर्स के प्रबंध निदेशक रविकांत ने आज यहां भारत और अफ्रीकी देशों की एक व्यावसासिक बैठक में कहा, “हम अफ्रीका के कुछ देशों में नैनो पेश करना चाहते हैं। ऐसा करते हुए हमें खुशी होगी।”भारतीय वाणिज्य उद्योग महासंघ (फिक्की) और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित इस सम्मेलन के बाहर एक नैनो कार को प्रदर्शन के लिए रखा गया था। टाटा मोटर के प्रबंध निदेशक ने अफ्रीकी प्रतिनिधियों से कार की दुनिया के इस छोटे अजूबे पर एक नजर डालने की अपील की।रवि कांत ने कहा कि उनकी कम्पनी अफ्रीकी देशों में अपनी 46 वर्ष पुरानी उपस्थिति का विस्तार करने की योजना के तहत सेनेगल और कांगो में अपने कुछ वाणिज्यिक वाहनों के पुर्जे जोड़ने की ईकाई स्थापित करेगी।उन्होंने कहा कि सेनेगल में ‘पिकअप ट्रक’ की ‘एस के डी’ ईकाई शुरू करने की योजना है। टाटा मोटर्स वहां तैयार बसों की बिक्री कर रही है। अभी टाटा की बसों के कलपुर्जे सेनेगल की ही एक कम्पनी में जोड़े जाते हैं।उन्होंने बताया कि कांगो में भी एक ‘एस के डी’ इकाई स्थापित करने की सम्भावनाएं तलाशी जा रही हैं। कम्पनी वहां 1991 से अब तक करीब 2,000 वाहन बेच चुकी है जिसमें वहां की सरकारी परिवहन व्यवस्था के लिए 228 बसें शामिल हैं। टाटा मोटर्स इस वर्ष से वहां यात्री कारें बेचने की भी तैयारी में है।टाटा मोटर ने दक्षिण अफ्रीका में रोजलिन में ट्रक कम्पनी निसान के कारखाने का अधिग्रहण किया था। वहां एक निर्माण ईकाई की स्थापना का काम जल्दी ही शुरू किया जाने वाला है।रविकांत ने बताया कि कम्पनी केन्या में ‘सी के डी’ ‘पूरी तरह तैयार’ वाहनों के बेचने का व्यवसाय और फैलाने के लिए घाना तथा अल्जीरिया में सेल और सर्विस सुविधा बढ़ाने की योजना भी बना रही है।कम्पनी तंजानिया, यूगांडा और अंगोला के बाजार में भी अपनी उपस्थिति बढ़ाएगी।
Thursday, 10 April, 2008
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
0 comments:
Post a Comment