शेयर बाज़ार में बिकवाली, सेंसेक्स 110 अंक गिरा
पूंजीगत वस्तुओं, ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और तेल व गैस क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में हुई बिकवाली के चलते मुंबई स्टाक एक्सचेंज का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सप्ताह के शुरुआती दिन 110.02 अंक यानी 0.64 फीसदी गिरकर 17,015.96 के स्तर पर बंद हुआ।राष्ट्रीय शेयर बाजार का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक भी दिन के कारोबार की समाप्ति पर 22.05 अंक यानी 0.43 अंक की नरमी से 5,089.65 के स्तर पर दर्ज किया गया। बीएसई में दिन के कारोबार के दौरान कुल 1,396 शेयरों के भाव चढ़े। कुल 1,467 शेयरों के भाव गिरे। कुल 216 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं देखा गया।बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांक हालांकि उतार-चढ़ाव के साथ बंद हुए। मिडकैप सूचकांक जहां 11.19 अंक यानी 0.16 फीसदी की तेजी से 7,067.40 के स्तर पर बंद हुआ वहीं स्मालकैप सूचकांक 17.90 अंक यानी 0.21 फीसदी की कमजोरी से 8,709.82 के स्तर पर देखा गया।बीएसई में सोमवार को जिन कंपनियों के शेयर के भाव चढ़े उनमें प्रमुख हैं:-रिलायंस इंडस्ट्रीज, रिलायंस एनर्जी, टाटा कम्युनिकेशंस, जयप्रकाश एसोसिएट्स, एचडीएफसी बैंक व भारती एयरटेल। सिप्ला, सुजलान, टाटा स्टीलव एस्सार आयल के शेयरों के भाव गिरे।
