मुम्बई। देश के शेयर बाजारों में आज तीव्र उठापटक देखी गई। मुम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स कारोबार के दौरान 636 अंक तक गिरने के बाद धातु और तेल व गैस कम्पनियों के शेयरों को मिले समर्थन से सम्भला और मात्र 52 अंक नीचा रहा। राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) का निफ्टी 194 अंक तक टूटने के उपरांत समाप्ति पर 18 अंक ऊपर बंद हुआ।शुक्रवार को अमेरिका के शेयर बाजारों में गिरावट और आज एशियाई शेयर बाजारों की मंदी को देखते हुए सत्र की शुरुआत में बिकवाली का खासा दबाव दिखा, किंतु बाद में स्थिति कुछ सम्भली।
सत्र की शुरुआत में सेंसेक्स पहले के 15,975।52 अंक के मुकाबले 15,684.24 अंक पर करीब तीन सौ अंक नीचा खुला और बिकवाली के दबाव से जल्दी ही टूटता हुआ नीचे में 15,362.17 अंक तक गिरने के बाद सम्भला और ऊपर में 15,998.33 अंक तक जाने के बाद समाप्ति पर सत्र के न्यूनतम स्तर की तुलना में करीब पौने छह सौ अंक सुधरने के बावजूद 15,923.72 अंक पर 51.80 अर्थात 0.32 प्रतिशत नीचा रहा।एनएसई का निफ्टी नीचे में 4,620.50 तथा ऊपर में 4,814.95 अंक तक चढ़ने के बाद कुल 18.40 अंक अर्थात 0.39 प्रतिशत लाभ से 4,790 अंक पर बंद हुआ।सेंसेक्स के अलावा बीएसई के मिडकैप, स्मॉकैप, अचल सम्पत्ति, आईटी और एफएमसीजी कम्पनियों के शेयर नुकसान में रहे। उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं का सूचकांक 684.03 अंक नीचे आया। धातु और तेल व गैस में क्रमशः 346.01 तथा 202.76 अंक का उछाल रहा। वाहन क्षेत्र भी हल्का सुधरा।
एशियाई शेयर बाजारों में जापान और चीन में गिरावट दिखी जबकि हांगकांग का हैंगसैंग शुरुआती गिरावट के बाद सुधर गया।मझोली और लघु कम्पनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव बीएसई में साफ झलका। कुल 2,707 कम्पनियों के शेयरों के कामकाज में मात्र 759 अर्थात 28।04 प्रतिशत फायदे में रही जबकि 70.30 प्रतिशत अर्थात 1,903 में गिरावट थीं। पैंतालीस कम्पनियों के शेयर स्थिर थे। सेंसेक्स में गिरावट के बावजूद इसकी गणना में शामिल तीस कम्पनियों में से 16 फायदे और 14 घाटे में रहे।लार्सन एंड टुब्रो को हैज कारोबार में नुकसान के समाचारों से इसका शेयर 8.68 प्रतिशत अर्थात 259.40 रुपए के नुकसान से 2,728.80 रुपए पर बंद हुआ। सत्र में इसमें 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखी गई। भेल को 1,910.40 रुपए पर 5.69 प्रतिशत अर्थात 115.35 रुपए का झटका लगा।आईसीआईसीआई बैंक पिछले कई दिनों से चली आ रही गिरावट के झटके से ऊबर नहीं पाया और इसमें 871.15 रुपए पर 2.42 प्रतिशत अर्थात 21.60 रुपए और निकल गए। मारुति सुजुकी, सत्यम कम्प्यूटर्स, विप्रो लिमिटेड, एचडीएफसी, टीसीएस, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस एनर्जी, इन्फोसिस टेक्नोलॉजिस, रैनबैक्सी लैब और आईटीसी के शेयर सेंसेक्स की नुकसान वाली कम्पनियों की सूची में थे।फायदे वाले शेयरों में भारती एयरटेल का शेयर 6.85 प्रतिशत बढ़कर 51.50 रुपए के फायदे से 802.80 रुपए पर पहुंच गया। टाटा स्टील 812.20-5.13 प्रतिशत पर 39.60 रुपए बढ़ा।
बजाज ऑटो, एसीसी लिमिटेड, डीएलएफ, रिलायंस कम्युनिकेशंस, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, ओएनजीसी, रिलायंस, अम्बुजा सीमेंट, सिप्ला, हिंडाल्को, टाटा मोटर्स, एनटीपीसी और महिन्द्रा एंड महिन्द्रा के शेयर फायदे वाले थे।
0 comments:
Post a Comment