Tuesday, 4 March, 2008

लगातार तीसरे दिन टूटे बाजार

मुम्बई। देश का आम बजट पेश होने के बाद से मंदी की गिरफ्त में आए शेयर बाजारों को आज लगातार तीसरे दिन तगड़ा झटका लगा। मुम्बई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 338 और राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) का निफ्टी 89 अंक और टूट गए।सत्र की शुरुआत में हालांकि बाजार कुछ मजबूत दिख रहा था, किंतु विश्व बाजारों की नरमी और यहां बैंकिंग, इंजीनियरिंग, तेल व गैस और अचल सम्पत्ति कम्पनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहने से बाजार जल्दी ही मंदी की गिरफ्त में आ गया।वित्त राज्यमंत्री पवन कुमार बंसल के संसद में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी देने से कि अमेरिका के सब प्राइम संकट से आईसीआईसीआई बैंक को करीब 26 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ है। इसका शेयर खासे दबाव में दिखा।

सेंसेक्स गत दिवस की दूसरी बड़ी गिरावट के बाद आज कारोबार की शुरुआत में 16,742।20 अंक पर मजबूत खुला। इसके बाद थोड़ा और बढ़कर ऊंचे में 16,754.06 अंक तक जाने के बाद मंदी की गिरफ्त में आया और करीब 600 अंक टूटकर नीचे में 16,164.57 अंक तक गिरने के बाद इस स्तर से करीब पौने दो अंक सुधरकर कुल 337.99 अंक अर्थात 2.03 प्रतिशत के नुकसान से 16,339.89 अंक पर बंद हुआ।एनएसई के निफ्टी में 4,864.25 अंक पर 1.79 प्रतिशत अर्थात 88.75 अंक निकले।सूर्य और उपग्रह के सम्पर्क में व्यवधान से शेयर बाजारों में आज से 18 मार्च तक कारोबार सुबह 9.55 बजे से शाम सवा चार बजे तक होगा। इस दौरान प्रात 11.45 से दोपहर 12.25 बजे के बीच कारोबार नहीं होगा।एशिया के शेयर बाजारों में जापान में स्थिरता थी। चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक 2.32 प्रतिशत नीचे आया। हांगकांग का हैंगसैंग लगातार तीसरे दिन गिरा। इसमें दो प्रतिशत का नुकसान हुआ। ऑस्ट्रेलिया का सूचकांक आधा प्रतिशत नीचे आया। यूरोप के शेयर बाजार भी ऊंचे खुलने के बाद बिकवाली दबाव में देखे गए।
बीएसई में बैंकेक्स सूचकांक में 377।68 अंक का नुकसान हुआ। इंजीनियरिंग और अचम सम्पत्ति क्रमशः 360.35 तथा 486.54 अंक गिरे। एफएमसीजी 57.23, आईटी 78.08 और पीएसयू 486.54 अंक टूट गया। ऑटो सूचकांक में 11.16 अंक का सुधार दिखा।मझोली और लघु कम्पनियों के सूचकांक क्रमशः 182.62 तथा 285.07 अंक लुढ़के।बीएसई में 2,737 कम्पनियों में कामकाज में मात्र 18.45 प्रतिशत अर्थात 505 कम्पनियों के शेयर फायदे में रहे और 2,191 अथवा 80.05 प्रतिशत घाटे में थे। मात्र 41 कम्पनियों के शेयर में कोई घटबढ़ नहीं देखी गई। सेंसेक्स की तीस कम्पनियों में 11 फायदे और 19 नीचे आए।सेंसेक्स के नुकसान वाले शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक के शेयर को 5.16 प्रतिशत का झटका लगा। इसका शेयर 971.60 रुपए पर 52.85 रुपए नीचे आया। सत्र में यह पिछले पांच माह के न्यूनतम स्तर 929.10 रुपए तक गिरा।वैसे सेंसेक्स का सर्वाधिक नुकसान वाला शेयर एसीसी का रहा। इसमें 743 रुपए पर 5.49 प्रतिशत अर्थात 43.15 रुपए निकल गए। रिलायंस इंडस्ट्रीज को 2,241.50 रुपए पर 63.25 रुपए का नुकसान हुआ। सूचना प्रौद्योगिकी दूसरी बड़ी इन्फोसिस टेक्नोलॉजिस का शेयर 52.10 रुपए गिरकर 1,419.90 रुपए का रह गया।डीएलएफ, रिलायंस कम्युनिकेशंस, सिप्ला लिमिटेड, आईटीसी लिमिटेड, एलएंडटी, भारती एयरटेल, एसबीआई, बजाज ऑटो, एचडीएफसी बैंक, ओएनजीसी, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, सत्यम कम्प्यूटर, विप्रो, भेल और रैनबैक्सी के शेयर सेंसेक्स के नुकसान वाले अन्य शेयर थे।
बजट में उत्पाद शुल्क में कमी का फायदा ऑटोमोबाइल कम्पनियां निरंतर उठा रही हैं। अग्रणी यात्री कार कम्पनी का शेयर 4.66 प्रतिशत और बढ़कर 915 रुपए पर पहुंच गया। महिन्द्रा एंड महिन्द्रा के शेयर में 702.90 रुपए पर 18.65 रुपए बढ़े। टाटा मोटर्स 701.80 रुपए पर 8.65 रुपए सुधरा।सर्वाधिक लाभ हिंडाल्को के शेयर में 5.27 प्रतिशत अर्थात दस रुपए का लाभ हुआ। ऊंचे में 202 रुपए तक चढ़ने के बाद यह 199.90 रुपए पर बंद हुआ। एचडीएफसी, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, रिलायंस एनर्जी, टीसीएस, टाटा स्टील, अम्बुजा सीमेंट और एनटीपीसी के शेयर फायदे वाली सूची में थे।

0 comments: