Monday, 3 March, 2008

डॉलर के मुकाबले रुपया 38 पैसे लुढ़का

मुम्बई। शेयर बाजारों के औंधे मुंह नीचे आने और निर्यात की तुलना में आयात तेजी से बढ़ने के समाचारों के बीच अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया पूरी तरह दबाव में आ गया। सत्र की समाप्ति पर एक डॉलर की कीमत शुक्रवार की तुलना में 38 पैसे बढ़कर पांच माह के उच्च स्तर 40.39-40.40 रुपए पर पहुंच गई।डीलरों के अनुसार अल्पकालिक लिहाज से रुपया मजबूत दिख रहा है। शेयर बाजारों की पतली हालत को देखते हुए आयातक और अन्य लोग डॉलर की खरीदारी में जुटे हुए हैं। पिछले चार माह के दौरान एक दिन के कारोबार में रुपए में यह सर्वाधिक गिरावट है। शुक्रवार को एक डॉलर का भाव 40.01-40.02 रुपए था।मुम्बई शेयर बाजार (बीएसई) के सेंसेक्स में आज अंकों के लिहाज से दूसरी बड़ी गिरावट देखी गई।शेयर बाजारों को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचाने वाले विदेशी निवेशक निरंतर बिकवाल बने हुए हैं। पिछले साल विदेशी निवेशकों ने 17 अरब 40 करोड़ डॉलर का निवेश किया था जबकि इस वर्ष यह करीब तीन अरब डॉलर के बिकवाल रहे हैं। पिछले दो माह के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया दो प्रतिशत तक कमजोर पड़ चुका है।डीलरों का कहना है कि निर्यात की तुलना में आयात में अधिक बढ़ोतरी से व्यापार घाटा बहुत अधिक हो गया है।

0 comments: