नई दिल्ली। यूरो की तुलना में डॉलर के नई तलहटी पर पहुंचने और कच्चे तेल में रिकॉर्ड ऊबाल के समाचारों के बीच स्थानीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुएं आज अंतर्राष्ट्रीय बाजार से कदमताल मिलाते हुए नए शिखर पर पहुंच गईं। सोना 320 रुपए की छलांग के साथ 13,000 हजार रुपए प्रति दस ग्राम से ऊपर निकल गया। चांदी 1,600 रुपए की दौड़ से 25,000 हजार को पार करती हुई 25,600 रुपए की नई ऊंचाई पर बंद हुई।लंदन में सोने ने डॉलर की पतली हालत और कच्चे तेल की कीमतों में निरंतर उफान के चलते 992.70 डॉलर प्रति ट्राय औंस का इतिहास रचने के बाद न्यूयॉर्क के कल के 981.90-982.70 डॉलर की तुलना में करीब दस डॉलर ऊपर 991.60-992.40 डॉलर प्रति ट्राय औंस पर डटा हुआ है।यूरो की तुलना में डॉलर नई तलहटी में हैं और जापानी येन के मुकाबले यह 12 वर्ष के न्यूनतम स्तर पर है। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि डॉलर की यही हालत रही तो विश्व बाजार में सोना जल्दी ही 1,000 डॉलर प्रति ट्राय औंस के आंकड़े को पार कर लेगा।
स्थानीय बाजार में कीमतों में उछाल को देखते हुए ताजी भौतिक मांग करीब-करीब नगण्य है। वैवाहिक मांग की पूर्ति पुराने माल की अदला-बदली से हो रही है।विश्लेषकों का कहना है कि वर्तमान में कीमती धातुओं में उफान मुख्यतः डॉलर की कमजोर स्थिति का नतीजा है। अमेरिका के राष्ट्रपति जार्ज बुश के इस बयान के बावजूद की वह देश की मुद्रा को मजबूत देखना चाहेंगे, डॉलर टूट रहा है। फेडरल रिजर्व की 18 मार्च को होने वाली बैठक में ब्याज दरों में कटौती की प्रबल अटकलें डॉलर को दबाने में विशेष सहयोग कर रही हैं।कच्चे तेल की कीमतें 110 डॉलर प्रति बैरल के रिकॉर्ड स्तर के आसपास टिकी हुई हैं। लंदन में चांदी के भाव 20.50-20.55 डॉलर प्रति ट्राय औंस हैं।पिछले साल 32 प्रतिशत की छलांग लगाने वाला सोना इस वर्ष अब तक 19 प्रतिशत बढ़ चुका है।स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 320 रुपए की भारी बढ़त के साथ 13 हजार 200 रुपए प्रति दस ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया। चांदी टंच (999) हाजिर में 25,600 रुपए प्रति किलो की चोटी पर पहुंच गई।
भाव रुपए में इस प्रकार रहेसोना (प्रति दस ग्राम) स्टैंडर्ड 13,200, बिटुर 13,020गिन्नी (प्रति आठ ग्राम) 10,070चांदी (प्रति किलो) टंच (999) हाजिर 25,600, वायदा 24,600चांदी सिक्का (प्रति सैंकड़ा) लिवाली 26,900, बिकवाली 27,100
0 comments:
Post a Comment